कोटद्वार। लैंसडौन वन प्रभाग के कोटद्वार रेंज में चार साल की बीमार हथिनी ने दम तोड़ दिया है। सूचना मिलते ही वन अधिकारी पशु चिकित्सकों की टीम लेकर मौके पर पहुंचे और पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार उसे दफना दिया गया है। हथिनी के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं। वन अधिकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। रेंज अधिकारी बिपिन जोशी ने बताया कि कोटद्वार रेंज की ग्वालगढ़ बीट में वन कर्मी नियमित गश्त पर थे। इस दौरान उन्हें बीमार पड़ी हथिनी दिखाई दी। पास जाने पर उसने दम तोड़ दिया। दो चिकित्सकों के पैनल से उसका पोस्टमार्टम करवाया गया। चिकित्सकों ने बताया कि वह कई दिन से बीमार होने के कारण काफी कमजोर हो गई थी। संवाद