जनप्रतिनिधियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर की व्यापक सुधार एवं कार्रवाई की मांग
सतपुली। गुमखाल-सतपुली के बीच चल रहा हाईवे चौड़ीकरण का काम बरसात में भी सतपुली-भिताड़ा-चाई मोटर मार्ग से गुजरने वालों के लिए मुसीबत का सबब बनेगा। मार्ग पर बोल्डर, चट्टान गिरने से अब तक कई घटनाएं हो चुकी हैं।
सतपुली मल्ली से गुमखाल के बीच एनएच धुमाकोट की निर्माण एजेंसी शिवालिक इंफ्रा की ओर से चौड़ीकरण के लिए की जा रही कटिंग का मलबा हाईवे से नीचे फेंका गया है। मलबा चिह्नित डंपिंग जोन में नहीं डाला जा रहा है। मलबे से बोल्डर और चट्टानें नीचे गिर रही हैं। कुल्हाड़ गांव से सतपुली मल्ली के बीच हाईवे से करीब एक किलोमीटर नीचे सतपुली-गढ़कोट-चाई मोटर मार्ग है। मार्ग पर रैतपुर गांव से जयहरीखाल के लिए भी सड़क है। हाईवे पर चल रहे चौड़ीकरण के कारण कोटद्वार, लैंसडौन, रिखणीखाल आदि क्षेत्रों से जिला मुख्यालय जाने वाले लोग आजकल इसी मार्ग से आवागमन कर रहे हैं।
इसके अलावा उक्त मार्ग से रोजाना भिताड़ा तल्ला, भिताड़ा मल्ला, रैतपुर, कालोंजल, रणकोट, गढ़कोट समेत सतपुली के निकटवर्ती दर्जनभर से अधिक गांवों के छात्र-छात्राएं, सतपुली के व्यापारी एवं ग्रामीण प्रतिदिन सतपुली आते हैं। हाईवे से नीचे फेंका जा रहा मलबा हल्की सी बरसात में भी ग्रामीणों के लिए मुसीबत का सबब बन सकता है।
जिला पंचायत सदस्य पूनम नेगी और क्षेत्र पंचायत गढ़कोट सुनीता देवी ने एसडीएम रेखा आर्य से मुलाकात की। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य में जुटी कंपनी को डंपिंग जोन में ही मलबा डालने, हाईवे किनारे मलबा नहीं डालने, बोल्डर-चट्टान आदि को खतरनाक ढंग से मौके पर ही नहीं छोड़ने और काम में गंभीरता बरतने के निर्देश देने की मांग की। एसडीएम ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया है।