कोटद्वार। राजकीय बेस अस्पताल से स्थानांतरित किए गए दो विशेषज्ञ चिकित्सकों की फिर से बेस अस्पताल में ही तैनाती की गई है। इसके अलावा निदेशालय ने बेस अस्पताल में एक और मेडिकल अफसर की तैनाती के आदेश जारी किए हैं।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण निदेशालय की ओर से राजकीय बेस अस्पताल कोटद्वार में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हरेंद्र कुमार का स्थानांतरण उप जिला चिकित्सालय नरेंद्रनगर, टिहरी किया गया था। महिला चिकित्सक डॉ. संगीता कठैत नेगी का भी स्थानांतरण बेस अस्पताल कोटद्वार से जिला चिकित्सालय देहरादून किया गया था। दोनों विशेषज्ञ चिकित्सकों के बेस अस्पताल से रिलीव होने के बाद बाल रोग अनुभाग की जिम्मेदारी एकमात्र बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कुसमा रावत के कंधों पर आ गई थी। वहीं, महिला चिकित्सक की भी काफी कमी खल रही थी।
अब चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा अनुभाग ने राज्यपाल की स्वीकृति के बाद डॉ. हरेंद्र कुमार एवं डॉ. संगीता कठैत नेगी की फिर से तैनाती बेस अस्पताल कोटद्वार में की है। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानकमत्ता, ऊधमसिंह नगर से वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. अमजद खान का स्थानांतरण बेस अस्पताल कोटद्वार में किया गया है।
अभी भी खल रही रेडियोलॉजिस्ट की कमी
बेस अस्पताल में तैनात दो रेडियोलॉजिस्ट में से एक डॉ. जयहिंद सिंह का भी स्थानांतरण कर दिया गया था। तब से एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट डॉ. निशांत गर्ग ही व्यवस्था को संभाले हैं। डॉ. निशांत की अनुपस्थिति में व्यवस्था चरमरा रही है और अल्ट्रासाउंड के लिए मरीजों को लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ रही है।