कोटद्वार। अग्नि शमन विभाग की स्थानीय यूनिट ने पुलिस महानिरीक्षक अग्निशमन एवं आपात सेवा उत्तराखंड समेत उच्चाधिकारियों के निर्देश पर राजकीय बेस अस्पताल कोटद्वार में आग बुझाने का मॉकड्रिल किया। इस मौके पर चिकित्सालय कर्मियों को अग्निशमन यंत्रों के संचालन के बारे में जानकारी दी गई।
मंगलवार को मॉकड्रिल के दौरान अग्निशमन अधिकारी कोटद्वार रमेश चंद्र गौतम के नेतृत्व में फायर यूनिट कोटद्वार के कर्मी आग लगने की सूचना पर बेस अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने फायर टेंडर से अस्पताल भवन में लगी आग को बुझाने के प्रयास शुरू किए और आग पर काबू पाया। इसके साथ ही अग्निकांड में घायल मरीज को सकुशल एंबुलेंस से दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया। इसके अलावा बेस अस्पताल में स्थापित अग्निशमन यंत्रों का परीक्षण किया। टीम ने बेस अस्पताल में तैनात सुरक्षाकर्मियों एवं चिकित्सक स्टाफ को अग्निशमन यंत्रों का संचालन व प्रयोग विधि के बारे में जानकारी दी। फायर यूनिट ने डेमो के माध्यम से खुले में आग लगाकर अग्निशमन यंत्रों व फायर टेंडर से आग बुझाने का प्रशिक्षण भी दिया। जिसमें अस्पताल संस्थान के कर्मियों द्वारा बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया गया।