गूमखाल चौकी पुलिस में तैनात पुलिस कर्मियों की ओर से एक व्यापारी के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए व्यापारियों ने व्यापार मंडल गूमखाल के आह्वान पर शुक्रवार को बाजार बंद रहा। व्यापार मंडल ने गूमखाल चौकी प्रभारी सहित वहां तैनात सभी पुलिस कर्मियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उनके स्थानांतरण की मांग उठाई। कोतवाल एसएन गैरोला ने इस संबंध में वार्ता की तब जाकर व्यापारियों ने दुकानें खोलीं। तय हुआ कि एक नवंबर को कोतवाल व्यापार मंडल के साथ वार्ता कर समस्याओं का निराकरण करेंगे।
व्यापार मंडल गूमखाल के अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने इस संबंध में एसएसपी पौड़ी को ज्ञापन भेजा। उन्होंने पुलिस कर्मियों की ओर से एक व्यापारी के साथ अभद्रता और मारपीट की शिकायत की। मारपीट से गुस्साए व्यापारियों ने शुक्रवार को दुकानें बंद रखीं। सूचना के बाद गुमखाल बाजार पहुंचे कोतवाली प्रभारी संपूर्णानंद गैरोला ने व्यापारियों से वार्ता की। व्यापारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर रोष जताया। कोतवाल ने व्यापारियों को समझाते हुए उनसे प्रतिष्ठान खोलने का आग्रह किया। साथ ही एक नवंबर को व्यापार मंडल के साथ वार्ता का आश्वासन दिया। व्यापारियों ने चेतावनी दी यदि एक सप्ताह में मारपीट के आरोपी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी बाजार बंदकर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। सीओ अनिल जोशी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। मामले की जांच की जाएगी।