कोटद्वार। कोतवाली पुलिस ने बेटे को नौकरी दिलाने के नाम पर नगर के एक व्यक्ति के साथ हुई करीब चार लाख की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी महिला के खिलाफ धोखाधड़ी की संबंधित धारा में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।हरसिंहपुर ग्रीन वैली बालासौड़ निवासी प्रदीप कुमार ने एसएसपी पौड़ी को एक शिकायती प्रार्थना पत्र भेजा। कहा कि उनके सूर्याधार कोलागाड जिला देहरादून निवासी एवं हाल निवासी ग्राम भीमसिंहपुर कोटद्वार सरिता जोशी से पुराने संबंध थे। 13 अक्तूबर, 2019 को सरिता जोशी अपने भाई राजेश कुमार के साथ उनके घर आई और स्वयं को एक एनजीओ का मैनेजिंग डायरेक्टर बताते हुए एक फील्ड आफिसर की आवश्यकता बताई है। कहा कि वह 50 हजार रुपये सैलरी देंगे। उन्होंने बेटे की नौकरी लगाने के लिए उसकी फोटो, मार्कशीट मांगी और बतौर सिक्योरिटी दो लाख का चेक व दो लाख रुपये नकद जमा कराने को कहा। एक माह बाद ज्वाइनिंग लेटर देकर नियुक्ति देने का भरोसा दिया। उनकी बात का विश्वास करते हुए उन्होंने आरोपी महिला को बैंक ऑफ बड़ौदा स्थित अपने खाते का दो लाख की धनराशि का एक चेक व दो लाख रुपये नकद दिए। आरोपी महिला सरिता जोशी ने चेक को खाते में जमा करा तीन दिन बाद ही 16 अक्तूबर, 2019 को भुगतान प्राप्त कर लिया। एक माह बाद जब वह अपने पुत्र निरूपम सिंह के साथ सरिता जोशी के पास गया तो उन्होंने बताया कि सरकार की गाइड लाइन आ चुकी है। लॉकडाउन के बाद ही ज्वाइनिंग लेटर मिलेगा। लॉकडाउन खत्म होने के बाद जब वह उनसे मिला तो आरोपी ने टाल मटोल शुरू कर दी और कई प्रकार के बहाने बनाकर और उन्हें आश्वासन देकर शांत कर दिया। आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार कहने पर भी सरिता जोशी ने न ही उसके बेटे की नौकरी लगाई और न ही उन्हें पैसे ही वापस किए। एसएसपी पौड़ी लोकेश्वर सिंह ने मामले में कोतवाली पुलिस को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए थे।