कोटद्वार। खोह नदी में नहाते समय सात वर्षीय एक बालक की मौत हो गई। ग्रास्टनगंज निवासी आमिर और अन्य परिजन उजैर (7) को रविवार सुबह करीब 10:30 बजे बेस अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने बालक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसआई प्रमोद कुमार अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने उन्हें बताया कि उजैर घर के पास ही खोह नदी में नहाने चला गया था। वहां ढांग से अचानक गिरे पत्थर की चपेट में आकर उजैर घायल होकर नदी में गिर गया। उसे नदी से निकालकर अस्पताल लेकर आए। बालक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बालक के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने की गुहार पर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
.
एक्सप्रेस ट्रेन से सैनिक का ट्रॉली बैग चोरी
कोटद्वार। आनंद विहार एक्सप्रेस ट्रेन से दिल्ली से कोटद्वार आ रहे एक सैनिक का ट्रॉली बैग चोरी हो गया। झंडीचौड़ उत्तरी निवासी पूर्व सैनिक मनोज सिंह का पुत्र दीपक पाल मऊ, मध्य प्रदेश में कार्यरत है। 28 सितंबर को आनंद विहार रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था। दीपक पाल ने बताया कि रुड़की तक ट्रॉली बैग सुरक्षित था, लेकिन रुड़की से कोटद्वार के बीच बैग कब चोरी हो गया, पता नहीं चला। बैग में उनका सेना का आईकार्ड, मोबाइल, कुछ जरूरी कागजात और रुपये रखे थे। उन्होंने ट्रेन से बैग चोरी होने की जानकारी रेलवे पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है।
.