लैंसडौन। क्षेत्र में धूरा मार्ग पर स्थित छावनी परिषद के कूड़ा निस्तारण केंद्र के निकट तीन दिन से भालू लगातार नजर आ रहा है। वन विभाग ने लोगों से अकेले भालू प्रभावित क्षेत्र में नहीं जाने की अपील की है।
लैंसडौन के कूड़ा निस्तारण केंद्र के निकट वाल्मीकि बस्ती में रह रहे छावनी परिषद के सफाई कर्मियों रणजीत व उमेश चौहान ने बताया कि तीन दिन से कूड़ा निस्तारण केंद्र के आसपास शाम पांच बजे के आसपास भालू आ रहा है। देर शाम तक भी वहीं रहता है। रोजाना दो बार कूड़ा निस्तारण केंद्र पर जाया जाता है। यहां जैविक व अजैविक कूड़ा अलग-अलग कर निस्तारित किया जाता है।
इस क्षेत्र में भालू आने से सफाई कर्मियों में दहशत है। फिलहाल वे समूह में कूड़ा निस्तारण केंद्र पर जा रहे हैं। वहीं, धूरा मार्ग पर सुबह से शाम तक रोजाना लोगों की आवाजाही रहती है। इस मार्ग से धूरा, नौगांव, मोहरा, वाल्मीकि बस्ती के लोग पैदल और दुपहिया वाहनों से आवाजाही करते हैं। राहगीरों के लिए भी खतरा बना हुआ है।
वहीं, छावनी परिषद के अधिकारियों का कहना है कि कूड़ा निस्तारण केंद्र के आसपास भालू दिखाई देने की सूचना वन विभाग को दी जा रही है। वन प्रभाग लैंसडौन रेंज के रेंजर राकेश शाह ने बताया कि फिलहाल अभी कोई सूचना नहीं मिली है। उन्होंने महिलाओं व बच्चों और राहगीरों को अकेले मार्ग से आवाजाही नहीं करने की सलाह दी है। वन कर्मियों की गश्त कराई जाएगी।