संवाद न्यूज एजेंसी
लैंसडौन। कदम कदम बढ़ाए जा, खुशी के गीत गाए जा, ये जिंदगी है कौम की, तू कौम पे लुटाए जा... रेजिमेंटल गीत की इन पंक्तियों को गुनगुनाते हुए शनिवार को 449 अग्निवीर सेना की प्रतिष्ठित पैदल सेना गढ़वाल राइफल्स का हिस्सा बन गए।
नायक भवानी दत्त जोशी वीर चक्र परेड ग्राउंड में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कोर्स 06 के प्रथम बैच के 449 अग्निवीरों को पुनरीक्षक अधिकारी ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने अग्निवीर रिक्रूट परेड की सलामी ली और अग्निवीरों से रेजिमेंट की उच्चतम मर्यादा व सैन्य परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। कहा कि हमारे अग्रजों ने रेजिमेंट के मूल्यों की खातिर अपने प्राणों की बाजी लगाकर रेजिमेंट का नाम रोशन किया है।धर्मगुरुओं की ओर से लाए गए धर्मग्रंथ के समक्ष अग्निवीरों ने अपना हाथ रख देश की आन-बान की रक्षा करने और राष्ट्रीय ध्वज टोली की ओर से लाए गए तिरंगे को सलामी देते हुए देश की रक्षा करने की प्रतिज्ञा ली। इस दौरान अग्निवीरों ने शानदार परेड का प्रदर्शन भी किया। परेड में शामिल छह टुकड़ियों का नेतृत्व प्रियांशु नेगी ने किया। युद्ध स्मारक जाकर अग्निवीरों ने वीरों के बलिदान का स्मरण किया। सलामी मंच के पास से गुजरने पर ग्राउंड में मौजूद अग्निवीरों के परिजनों ने तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ाया।
.
- अग्निवीरों के शपथ ग्रहण समारोह का आकर्षण
उत्तरकाशी, टिहरी, जौनसार से पहुंचे कई अग्निवीरों के परिजन अपने पारंपरिक लिबास में पहुंचे थे। अग्निवीरों के माता-पिता एवं अभिभावकों को गौरव पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह पहला अवसर था जब अग्निवीरों की शपथ के दौरान पंडित, मौलवी और पादरी पवित्र धर्म ग्रंथ के साथ मौजूद रहे।