कोटद्वार। ट्रेन में जहरखुरान गिरोह ने बुधवार सुबह एक व्यक्ति को अपना शिकार बनाया। बदमाशों ने उसे चाय में नशीला पदार्थ खिलाकर उसके पास से साढ़े छह हजार रुपये लूट लिए। बेहोशी की हालत में परिजनों ने उसे राजकीय बेस अस्पताल में भर्ती कराया है।
होश आने पर जहरखुरानी का शिकार बालासौड़ निवासी दलजीत सिंह पुत्र गुुरुपाल सिंह ने बताया कि वह परिवार में किसी की मृत्यु होने पर अमृतसर गया था। कोटद्वार वापस आने के लिए वह अमृतसर के मकूब रेलवे स्टेशन से अपने भाई और बहन के साथ दरभंगा एक्सप्रेस में नजीबाबाद के लिए बैठा। रास्ते में उसके बगल में बैठे युवक ने उससे बातचीत शुरू कर दी। सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर युवक बाहर से चाय लेकर आया। चाय पीने के बाद वह बेहोश हो गया। नजीबाबाद रेलवे स्टेशन आने पर दूसरी सीट पर बैठे उसके भाई ने उसे उठाना चाहा तो उसे बेहोश देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने किसी प्रकार उसको ट्रेन से नीचे उतारा और कोटद्वार अस्पताल में भर्ती कराया। बताया कि उसके जेब में पर्स से साढ़े छह हजार रुपये सहित पर्स गायब हैं।