कोटद्वार। सामाजिक कार्यकर्ता मुजीब नैथानी ने कोटद्वार क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने से पूर्व सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कराने की मांग की है।
उन्होंने मुख्य सचिव को भेजे ज्ञापन में कहा कि वर्तमान समय में कोटद्वार की पहली जरूरत सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की है, ना कि सीवर लाइन की। कहा कि नगर निगम में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट नहीं होने के कारण सीवर की पूरी गंदगी यूपी से लगी सुखरौ नदी में गिरती है। कहा कि पूर्व में नगर पालिका के तत्कालीन अधिशासी अधिकारी बीपी भट्ट को शहरी विकास विभाग द्वारा बैंगलूरू में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट देखने भेजा गया था। प्लांट के निरीक्षण के बाद उन्होंने शासन को अवगत कराया कि बैंगलूरू में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में सीवर लाइन से सीवेज नहीं आता, बल्कि ट्रैक्टरों द्वारा लाया जाता है और प्लांट मेकैनिकल तरीके से कार्य करता है। नैथानी ने कहा कि नगर निगम और जल संस्थान की हालत ऐसी है कि पानी की लीकेज और गंदी नाली महीनों साफ नहीं हो पाती है। ऐसे में सीवरेेज लाइन पर भारी भरकम खर्च करना व बाद में उसके रखरखाव का खर्च ना आने से लीकेज की संभावना बनी रहेगी और गंदगी नदी में ही जाएगी। ज्ञापन में उन्होंने सीवर लाइन बिछाने से पूर्व सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना करने की मांग उठाई है।
.
जारी
अशोक केष्टवाल