कोटद्वार। दुगड्डा ब्लाक के घोटा तल्ला में गांव के पास जंगल में घास लेने गई महिला पर भालू ने हमला कर घायल कर दिया। महिला ने अपनी बहादुरी का परिचय देते भालू पर दरांती से हमला कर उसे भगा दिया। परिजनों ने घायल महिला को बेस अस्पताल में भर्ती कराया।
जिला पंचायत सदस्य भरत नेगी ने बताया कि बृहस्पतिवार को सुबह हनुमंती कस्बे के गांव घोटा तल्ला निवासी सुषमा देवी (42) पत्नी बृजमोहन रतूड़ी गांव के पास जंगल में पशुओं के लिए चारा पत्ती लेने गई थी। इसी दौरान अचानक भालू ने उस पर हमला कर दिया, लेकिन सुषमा ने हिम्मत नहीं हारी और दरांती से भालू पर हमला कर दिया, जिससे वह भाग गया। परिजनों ने महिला को अस्पताल पहुंचाया। जिला पंचायत सदस्य भरत नेगी ने बताया कि गांव में आए दिन भालू के देखे जाने से ग्रामीणों में भय है। उन्होंने वन विभाग से महिला को उचित मुआवजा देने और जंगली जानवरों से ग्रामीणों की सुरक्षा की मांग की है। उधर, कोटद्वार रेंज अधिकारी एसपी कंडवाल ने बताया कि महिला को मुआवजे की कार्रवाई की जा रही है।