कोटद्वार। एक बार फिर से कोटद्वार में एक ही दिन में डेंगू के नौ नए मरीज सामने आए हैं। पीड़ितों में दो भाई-बहन हैं। वहीं, डेंगू पीड़ित दो मरीजों की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
शुक्रवार को डेंगू का एकमात्र मरीज मिलने पर स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निगम ने राहत की सांस ली थी, लेकिन शनिवार को एक साथ डेंगू के नौ नए मरीज मिले। सभी मरीज कोटद्वार के सघन आबादी वाले अलग-अलग क्षेत्रों से हैं। सभी मरीजों को बेस अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिलाया जा रहा है। पीड़ितों में कुंभीचौड़ निवासी 13 वर्षीय किशोरी और उसका 10 वर्षीय भाई भी शामिल हैं। इनके अलावा घमंडपुर से 32 वर्षीय महिला, 30 वर्षीय पुरुष, सिताबपुर से 17 वर्षीय किशोरी, गोविंद नगर से सात वर्षीय बालिका, बालासौड़ से 62 वर्षीय वृद्ध, उमरावनगर से 21 वर्षीय युवक और एक महिला डेंगू पीड़ित मिले। डेंगू कंट्रोल रूम की नोडल अधिकारी डॉ. चारू रावत ने बताया कि इस समय अस्पताल में 11 मरीज भर्ती हैं। वहीं, गंभीर रूप से पीड़ित सैंदीखाल निवासी 23 वर्षीय महिला और खूनीबड़ निवासी 33 वर्षीय पुरुष को हायर सेंटर रेफर किया गया है।