लखनऊ और उत्तराखंड पुलिस ने जीते मैच
राष्ट्रीय गढ़वाल कप फुटबाल प्रतियोगिता का तीसरा दिन
अमर उजाला ब्यूरो
कोटद्वार। यहां राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय गढ़वाल कप फुटबाल प्रतियोगिता में मंगलवार को खेले गए दो मैचों में लखनऊ और उत्तराखंड पुलिस ने प्रतिद्वंद्वी टीमों को हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया।
स्व. शशिधर भट्ट स्मृति खेल संस्था की ओर से आयोजित प्रतियोगिता के तीसरे दिन पहला मैच देहरादून और लखनऊ की के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने एक दूसरे के गोल पोस्ट पर मूव बनाकर बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। कांटे की टक्कर होने के कारण पहले हाफ में एक भी गोल नहीं हो पाया। दूसरे हाफ में लखनऊ की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। लखनऊ के तेज स्ट्राइकर सद्दाम ने मैच का पहला गोल दागकर अपनी टीम को एक गोल की बढ़त दिला दी। कुछ देर बाद देहरादून के खिलाड़ी नितिन त्रिपाठी ने लखनऊ के गोलपोस्ट में गोल मारकर स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद प्रतियोगिता के 63वें और 70वें मिनट में एक के बाद एक दो गोल दागकर लखनऊ दो गोल से आगे हो गई। देहरादून ने मैच में वापसी के प्रयास किए लेकिन लखनऊ के डिफेंडरों ने उनको आजादी नहीं दी और इस प्रकार लखनऊ ने 3-1 से मैच अपने नाम किया।
दूसरा मैच उत्तराखंड पुलिस और यूनाइटेड कोटद्वार के बीच खेला गया। मैच के 20वें मिनट में कोटद्वार के मृणाल ने एक गोल मारकर बढ़त बनाई, लेकिन उत्तराखंड पुलिस के खिलाड़ी विकास नेगी ने एक गोल दागकर स्कोर बराबर कर दिया। दूसरे हाफ में पुलिस के शैलेंद्र नेगी ने कोटद्वार के गोलकीपर को छकाते हुए बेहतरीन ग्राउंडर किक के माध्यम से गोल दाग दिया। बढ़त मिलते ही उत्तराखंड पुलिस के हौसले बुलंद हो गए। इसके बाद उत्तराखंड पुलिस के शिशिर शाह ने तीसरा गोल मारकर कोटद्वार के हौसले पस्त कर दिए। फिर विकास नेगी के एक और गोल की बदौलत उत्तराखंड पुलिस ने 4-1 से मैच जीत लिया। मैच का आंखों देखा हाल सुरदीप गुसाई और अनूप जखमोला ने सुनाया। प्रतियोगिता में सतीश कुलाश्री, एसपी जोशी, प्रदीप नेगी, डीएस नेगी, सुरेंद्र सिंह रावत, सुदर्शन रावत, तनवीर अहमद ने निर्णायक की भूमिका निभाई।