कोटद्वार। मेयर हेमलता नेगी ने वार्ड नं. 21 पदमपुर सुखरो में बृहस्पतिवार को आयोजित जनता दरबार में जनसमस्याएं सुनीं। लोगों ने वार्ड में झूलते बिजली के तारों को सही कराने, पेयजल की अंडर साइज लाइनों को बदलवाने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करवाने की मांग उठाई।
जनता दरबार में लोगों ने मेयर हेमलता नेगी को बताया कि आवासीय भवनों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनें और झूलती बिजली की तारों से कई जगहों पर दुुर्घटनाओं का अंदेशा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि जल संस्थान की ओर से वर्षों पूर्व अंडर साइज लाइनें बिछाई गई थीं, लेकिन वर्तमान में आबादी का घनत्व तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लोगों को पीने के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। लोगों ने वार्ड में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग भी उठाई गई। मेयर हेमलता नेगी ने विभागीय अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर क्षेत्र में झूलते हुए बिजली के तारों को ठीक करने और क्षेत्र में अंडर साइज पाइप लाइनों को बदलवाने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम के कर्मचारियों को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और नियमित रूप से सफाई करने के निर्देश दिए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा. चंद्रमोहन खर्कवाल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में पार्षद पिंकी रावत, वृजमोहन सिंह रावत, रामस्वरूप डंडरियाल, धर्मेंद्र सिंह रावत, प्रेम सिंह रावत, मान सिंह, मनमोहन सिंह, मनोज रावत, कल्पेश्वरी देवी, सोनिया रावत, जय प्रकाश जोशी, जगमोहन बुड़ाकोटी आदि मौजूद रहे। संचालन दिलवर सिंह बिष्ट ने किया।
-फोटो