कोटद्वार। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर विभिन्न संगठनों ने शोक सभाएं आयोजित कर उनकी कविताओं के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। व्यापार मंडल समेत कई संगठनों के आह्वान पर नगर के व्यापारियों ने शुक्रवार को अपने प्रतिष्ठान बंद रखे।
शुक्रवार को नागरिक मंच, डू समथिंग सोसाइटी, एमकेवीएन, वरिष्ठ नागरिक संगठन, सर्वोदय मंडल, गढ़वाल सभा, स्कूली बच्चों और शिक्षकों ने क्षेत्र में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देने के लिए मौन जुलूस निकाला। झंडाचौक में वयोवृद्ध सर्वोदय सेवक मानसिंह रावत, डू समथिंग सोसाइटी के अध्यक्ष मयंक कोठारी, नागरिक मंच के अध्यक्ष विनोद कुकरेती समेत कई लोगों ने अटल जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
उधर, पूर्व सैनिक सेवा परिषद के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण बड़थ्वाल की अध्यक्षता में कालाबड़ स्थित कार्यालय में आयोजित शोकसभा में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। उत्तराखंड विकास समिति की शोकसभा में वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी गई। भाजपा अनुसूचित मोर्चा की बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किए गए अभूतपूर्व कार्यों पर चर्चा की गई।
व्यापार मंडल के आह्वान पर नगर के व्यापारियों ने शुक्रवार को शोक स्वरूप अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रखे। इस मौके पर शोकसभा का आयोजन कर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी गई। गढ़वाल टाकीज स्थित कार्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की शोक सभा की। भाजपा भाबर मंडल अध्यक्ष मुकेश नेगी की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं की शोकसभा में दो मिनट का मौन रखकर प्रार्थना की गई। उप शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा कार्यालय देवी सुखरो और उत्तराखंड आंदोलनकारी राष्ट्रीय मोर्चा की शोकसभा में पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जीएमओयू और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस जिला संगठन कोटद्वार की शोकसभा में दो मिनट का मौन रखकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी गई।
भाबर के रामदयालपुर गांव में विमल प्रसाद शुक्ला की अध्यक्षता में हुई शोकसभा में दो मिनट का मौन रखते हुए अटल जी को महान नेता बताया। वयोवृद्ध भाजपा कार्यकर्ता विमल प्रसाद शुक्ला ने अटल जी के साथ गाजियाबाद में बिताए समय को याद किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने किशोरावस्था में गाजियाबाद के कंपनी बाग में लगने वाली आरएसएस की शाखाओं में अटलजी के साथ कबड्डी खेली है।