कोटद्वार। बदरीनाथ मार्ग स्थित पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंधक और एक भाजपा नेता में बैंक के अंदर चेक जमा करने को लेकर बहस हो गई। दोनों ने एक दूसरे पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों की तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार को कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में भाजपा नेता भुवनेश खर्कवाल ने बताया कि वह मंगलवार को बैंक में चेक जमा करने गए थे। काउंटर पर बैंक कर्मी ने उनका चेक जमा करने से मना कर दिया। बैंक कर्मी से चेक जमा न किए जाने का कारण जानना चाहा तो बैंक कर्मी ने उनसे अभद्रता शुरू कर दी। साथ ही बैंक प्रबंधक और वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उनसे अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। उनके साथ धक्का-मुक्की करते हुए बैंक से बाहर जाने को कहा।
उधर, बैंक प्रबंधक ने बताया कि मंगलवार दोपहर उनकी ब्रांच में एक व्यक्ति चेक से पैसे जमा कराने पहुंचे। बैंक प्रबंधक का कहना है कि चेक पर अंकित नंबर फटा हुआ था, जिस पर बैंक कर्मी ने चेक लेने से इनकार कर दिया। इस पर चेक जमा करने पहुंचे व्यक्ति भड़क गए और कर्मी से बदसलूकी करने लगे। बैंक प्रबंधक ने बताया कि जब वह विवाद सुलझाने बैंक कर्मी के केबिन में पहुंचे तो उक्त व्यक्ति ने स्वयं को भाजपा नेता बताते हुए बदसलूकी शुरू कर दी। प्रभारी कोतवाल राकेंद्र कठैत ने बताया कि बैंक प्रबंधक और भाजपा नेता की तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है।