कोटद्वार। बृहस्पतिवार सुबह कोटद्वार-भाबर क्षेत्र घने कोहरे की आगोश में रहा। इसका असर यातायात व्यवस्था पर भी पड़ता नजर आया। विजिबिलिटी कम होने के कारण वाहन चालकों को लाइट जलानी पड़ी। हल्की धूप ने दिनभर सर्द हवाओं ने कड़ाके की सर्दी का अहसास कराया। लोगों ने अलाव और हीटर का प्रयोग कर ठंडक भगाई।
बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे एकाएक पूरा कोटद्वार-भाबर में कोहरा छा गया। कोहरा इतना घना था कि वाहन चालकों को अपने वाहनों की लाइट जलानी पड़ी। बुजुर्गों ने मार्निंग वाक पर न जाने में ही भलाई समझी। बच्चों को कंपकंपाती ठंड में स्कूल जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहर के मुख्य मार्गों पर सुबह बहुत कम संख्या में ही वाहन नजर आए। कड़ाके की ठंड में नगर पालिका की ओर से शहर के चौराहों में अलाव की व्यवस्था की गई। दुकानदारों ने दुकान के आगे अंगेठी जलाकर ठंड दूर की। देर शाम तक पूरा क्षेत्र कोहरे की चपेट में रहा, जिसके कारण बाजार में भीड़भाड़ कम दिखी, अधिकतर लोगों ने घर में रहकर ठंड से बचाव किया।