कोटद्वार। जल संचय जीवन संचय का स्लोगन देने वाला जलसंस्थान खुद ही अपने स्लोगन पर पलीता लगा रहा है। कहीं लोगों को पीने का पानी नसीब नहीं हो रहा है तो कहीं सड़क पर बेकार पानी बह रहा है। लोग पानी के लिए जूझ रहे हैं, लेकिन विभाग लापरवाह बना हुआ है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिद्धबली के पास पिछले एक महीने से मुख्य पेयजल लाइन में लीकेज है। इसके कारण पानी सड़क पर बह रहा है। साथ ही सड़क को नुकसान भी हो रहा है।
वहीं भाबर के दुर्गापुरी में ट्यूबवेल फुंकने से लोग पानी के लिए भटकने को मजबूर हैं। लोग पानी के लीकेज और ट्यूबवेल फुंकने की लगातार शिकायत कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। इसके कारण लोगों में विभाग के खिलाफ आक्रोश है।
स्थानीय नागरिक पंकज कुमार, शिवचरण सैनी, शशिभूषण अमोली व राकेश पंत ने विभाग पर जलापूर्ति को लेकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। कहा कि हाईवे पर लगातार पानी की लीकेज के कारण निकटवर्ती सिद्धबली कालोनी, फारेस्ट कालोनी में पेयजल आपूर्ति पर असर पड़ रहा है। लीकेज के कारण कई बार दूषित पानी की सप्लाई हो रही है, जिसके कारण लोग परेशान हैं। भाबर में विभाग ट्यूबवेल की मरम्मत को लेकर गंभीर नहीं है। लोग अन्य गांवों से पानी की व्यवस्था कर रहे हैं।
उधर, जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता बीआर चौधरी ने बताया कि राजमार्ग पर पुलिया के पास दो मीटर पाइप लाइन में लीकेज चल रही है। पाइप का टुकड़ा मंगा दिया गया है। एक सप्ताह के अंदर लीकेज की समस्या का समाधान कर लिया जाएगा।
-फोटो