कोटद्वार। कोटद्वार में आवारा पशु लोगों की जान के लिए खतरा बन गए हैं। रविवार शाम बदरीनाथ मार्ग पर एक ठेली से सब्जी खरीद रहे बुजुर्ग के पेट में एक सांड़ ने सींग मार दी, इससे उनका पेट फट गया। लोग उन्हें तत्काल राजकीय संयुक्त चिकित्सालय ले गए जहां उन्हें आठ टांके लगे हैं।
शिवपुर निवासी बलवंत सिंह (54) बदरीनाथ रोड पर एक ठेली से सब्जी ले रहे थे। तभी वहां से गुजर रहे सांड़ ने उनके पेट पर सींग मार दी। इससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गए। उन्हें संयुक्त चिकित्साल ले जाया गया।
वरिष्ठ सर्जन सतीश कुमार ने बताया कि सांड़ के सींग से बुजुर्ग के पेट की चमड़ी फट गई है जिस पर आठ टांके लगाए गए हैं। हालांकि बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। उधर, पदमपुर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता शशिभूषण अमोली, चंद्रप्रकाश नैथानी ने आवारा पशुओं के हमलों के लिए प्रशासन को जिम्मेदार बताया। उन्होंने प्रशासन और नगर पालिका से इस पर कार्य करने की मांग की।