लैंसडौन। आर्मी स्कूल का 24वां वार्षिकोत्सव सेना के सुरजन प्रेक्षागृह में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हो गया। कार्यक्रम में बाल कलाकारों ने मंच पर देश की विविध संस्कृतियों के रंग बिखेर कर भारतीय संस्कृति की विरासत से रूबरू कराया। इसके बाद विभिन्न क्रियाकलापों में अग्रणी रहे विजेताओं को विद्यालय के चेयरमैन इंद्रजीत चटर्जी और आर्मी ब्वॉयज वेलफेयर एसोसिएशन की निदेशक कस्तूरी चटर्जी ने पारितोषिक दिए। साथ ही मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कॉलरशिप दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रिगेडियर इंद्रजीत चटर्जी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को निखारने के लिए मंचीय आयोजन आवश्यक होते हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों को आगे बढ़ने का बेहतर माध्यम मिलता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य डा. अशोक कुमार ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट सदन के समक्ष रखी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गान से हुई। इस मौके पर छात्र-छात्राओं द्वारा देश के कई प्रांतों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रस्तुत की गईं। बाल कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नृत्य नाटिका ‘शक्ति एक प्रयास’ व ‘महिला सशक्तिकरण’ का सफल मंचन किया गया। इसके माध्यम से कन्या भ्रूण हत्या, बालिकाओं के संघर्ष की गाथाओं, नारी शक्ति के विभिन्न आयामों को प्रदर्शित किया गया। नाटक की रचना और निर्देशन संगीत शिक्षक प्रशांत थापा ने किया। कार्यक्रम का संचालन हेमा शर्मा ने किया। इस मौके पर विद्यालय के मेधावी छात्रों को आवा की निदेशक कस्तूरी चटर्जी ने स्कालरशिप बांटी। ब्रिगेडियर इंद्रजीत चटर्जी ने विभिन्न क्रियाकलापों में विजेता रहे छात्रों को पारितोषिक प्रदान किए।
इस मौके पर गढ़वाल राइफल्स के टीबीसी कर्नल शांतनु राय, ले. कर्नल आरएस ठाकुर, ले. कर्नल टीसी शर्मा, ले. कर्नल वीएस विर्क, ले. कर्नल रितेश राय सहित अनेक अधिकारी और गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।
-फोटो