फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वोटर लिस्ट से नाम गायब होने से मायूस होकर लौटे मतदाता

विज्ञापन
विज्ञापन
कोटद्वार। गढ़वाल संसदीय सीट के लिए बृहस्पतिवार को हुए मतदान के दौरान कोटद्वार विधानसभा में पोलिंग बूथों पर खामियों के चलते मतदाताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पहचान पत्र होने के बावजूद वोटर लिस्ट से नाम गायब होने के कारण दर्जनों मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर पाए। लकड़ी पड़ाव के वार्ड नंबर 5 के मतदाताओं के लिए बने पोलिंग बूथ की स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन

लकड़ी पड़ाव के वार्ड नंबर-10, वार्ड नंबर-11, वार्ड नंबर-5 में वोटर लिस्ट से नाम गायब होने के कारण कई मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर पाए। लोग घंटों तक वोटर लिस्ट में नाम तलाशते रहे, लेकिन अंत में मायूसी हाथ लगी। 10 नंबर वार्ड के मतदाता इसरार अहमद ने बताया कि उसके परिवार में 23 मतदाता हैं, जिसमें से 10 मतदाताओं के नाम गायब हैं। वार्ड नंबर-11 सईद अहमद ने बताया कि उनके परिवार में 25 मतदाता हैं, जिनमें से 10 लोगों के नाम गायब हैं। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के सभी लोगों ने 2017 के विधानसभा चुनाव और नगर निगम के चुनाव में मतदान किया, लेकिन लोकसभा चुनाव में वोटर लिस्ट से नाम गायब हैं। प्रजापति नगर गाड़ीघाट निवासी राजकुमार पुत्र राम गोपाल ने बताया कि उनके परिवार के सभी लोगों के नाम वोटर लिस्ट में हैं, लेकिन उसका नाम गायब है। लकड़ीपड़ाव निवासी रेखा देवी पत्नी बलवीर, प्रजापति मोहल्ला गाड़ीघाट निवासी सुनील प्रजापति, वार्ड नंबर-5 लकड़ीपड़ाव निवासी सोहन सिंह, शिवम कुमार, शमा परवीन, आसिफ व इमरान सहित कई लोगों के नाम गायब थे। विधानसभा में बने 124 बूथों में तकरीबन यही स्थिति रही।
जीजीआईसी कोटद्वार स्थित पोलिंग बूथ में गैराज रोड निवासी प्रदीप नेगी और उनकी पत्नी पूनम नेगी, मालवीय उद्यान निवासी मदन गोपाल अग्रवाल, बद्रीनाथ मार्ग निवासी नेत्र प्रकाश अग्रवाल, सिद्धबली मार्ग निवासी प्रकाश जोशी के नाम वोटर लिस्ट से गायब थे। वोटर लिस्ट से नाम गायब होने पर काफी मतदाता उपजिलाधिकारी/सहायक रिटर्निंग अधिकारी मनीष कुमार सिंह से तहसील में मिले। उन्होंने एआरओ से शिकायत करते हुए ऑनलाइन वोटिंग कराने की मांग की, लेकिन एआरओ से भी कोई आश्वासन नहीं मिलने पर वोटर बैरंग घर लौट गए। लकड़ीपड़ाव में बूथ को लेकर भी लोगों में असमंजस की स्थिति बनी रही। लोगों को बीएलओ की ओर से उपलब्ध कराई गई पर्ची में पोलिंग बूथ का नाम राजकीय प्राथमिक विद्यालय मालगोदाम रोड अंकित था, जबकि उनका पोलिंग बूथ राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर-3 लकड़ीपड़ाव था। इन दोनों बूथों में मतदाताओं में बूथ को लेकर असमंजस की स्थिति बनने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिससे काफी लोग बैरंग घर लौट गए।
विज्ञापन
विज्ञापन


-फोटो
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें