कोटद्वार। नजीबाबाद रोड पर दिनदहाड़े दो बदमाशों ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता के गले से सोने की चेन झपट ली। पीड़ित महिला की ओर से कोतवाली में मामले की तहरीर दी गई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
चेन स्नेचिंग की यह घटना महिला सशक्तिकरण परिषद की पूर्व उपाध्यक्ष और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सुनीता बिष्ट के साथ हुई। उन्होंने बताया कि वह बुधवार दिन में अपने किसी रिश्तेदार से मिलने नजीबाबाद रोड से पैदल जा रही थीं। तभी दो युवक उनसे बात करने लगे। जैसे ही वह आर्य कन्या इंटर कालेज के नजदीक सिंडीकेट बैंक के पास गोविंद नगर की ओर मुड़ने लगीं। तभी उनमें से एक युवक ने उनकी साड़ी में कुछ गंदगी लगने की बात कही। इसके बाद वह साड़ी देखने के लिए नीचे झुकीं। इतने में दोनों बदमाश उनके गले से चेन झपटकर फरार हो गए। घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दे दी गई है।
एसएसआई राकेंद्र कठैत ने बताया कि नजीबाबाद रोड पर महिला के साथ ठगी के मामले की तहरीर प्राप्त हुई है। मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की धरपकड़ की जा रही है।