कोटद्वार। भाजपा की बैठक में कांग्रेस को कंडी मार्ग पर अनर्गल बयानबाजी न करने की नसीहत दी गई।
कालाबड़ में आयोजित बैठक में पूर्व ब्लाक प्रमुख और वरिष्ठ भाजपा नेता भुवनेश खर्कवाल ने कहा कि कांग्रेस कंडी मार्ग को स्वीकृत कराने का श्रेय लेने का प्रयास कर रही है। उन्होेंने कहा कि कांग्रेस ने सड़क स्वीकृत कराई तो फिर बनवाई क्यों नहीं। खर्कवाल ने कहा कि कंडी मार्ग पर राज्य निर्माण के बाद पहली बार निर्माण का रास्ता साफ किया गया है। उन्होंने कहा कि लालढांग-चिलरखाल मोटर मार्ग वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसके जल्द निर्माण के लिए वह धरातल पर काम कर रहे हैं।
खर्कवाल ने कहा कि कांग्रेसियों की पुरानी आदत है कि जब भी क्षेत्र में कोई विकास कार्य होता है तो उसका श्रेय लेने के लिए वे झूठी और निराधार बयानबाजी करने लगते हैं। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर कांग्रेसी इसे अपनी सरकार की उपलब्धि बताकर वाहवाही लूटने का प्रयास कर रहे हैं।
बैठक में पूर्व पालिकाध्यक्ष शशि नैनवाल और रश्मि राणा, पूर्व सभासद रमेश चौधरी, नत्थी प्रसाद थपलियाल, जगदीश खर्कवाल, राजेंद्र चौधरी, गीता बुड़ाकोटी, आशा डबराल, मनोज लखेड़ा, कुलदीप अग्रवाल व अनिल बहुगुणा आदि ने विचार रखे।