कोटद्वार। कोटद्वार बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद पर सीधा मुकाबला होगा। नौ जून को करीब 161 अधिवक्ता मतदाता अध्यक्ष पद के लिए मतदान करेंगे। सुबह आठ बजे से एक बजे तक मतदान होगा। मतदान के लिए तहसील परिसर स्थित विधि भवन में व्यवस्था की गई है।
मुख्य चुनाव अधिकारी गोविंद राम शर्मा और सहायक चुनाव अधिकारी सुरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि शनिवार को होने वाले चुनाव में अध्यक्ष पद के दो प्रत्याशियों किशन सिंह पंवार और राकेश कर्णवाल के बीच सीधा मुकाबला होगा। उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव और कोषाध्यक्ष के पदों पर एक-एक नामांकन होने के कारण उनके नामों की घोषणा शनिवार को निर्विरोध कर दी जाएगी। उपाध्यक्ष पद पर शिवदयाल सिंह, सचिव पद पर मुकेश कबटियाल, सहसचिव पद पर इंद्रेश भाटिया और कोषाध्यक्ष पद पर शोभा भंडारी ने नामांकन कराया है। शाम को तीन बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। मतगणना समाप्त होने के बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।