कोटद्वार। ग्राम पंचायत कौड़िया में पिछले एक सप्ताह से सिंचाई नाली में सीवर बहने से आक्रोशित ग्रामीणों ने जलसंस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने विभाग से नाली में बह रही गंदगी को रोकने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। जल्द मांग पर कार्रवाही नहीं किए पर उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी।
सोमवार को गंदगी से परेशान कौड़िया के ग्रामीण बालासौड़-कौड़िया तिराहे पर एकत्र हुए उन्होंने जलसंस्थान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। लोगों ने जलसंस्थान पर ग्रामीणों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। कहा कि पिछले एक सप्ताह से कौड़िया तिराहे पर स्थापित एक कालोनी का सीवर नाली में बह रहा है। गंदगी के चलते लोग दुकान के आगे, घर के अंदर और सड़क पर नहीं चल पा रहे है। नाली में पेयजल लाइन होने से लोगों के घरों में दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। आक्रोशित लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित जेई को शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकाला गया। उन्होंने चेताया कि शीघ्र नाली में बहने वाली गंदगी बंद नहीं की गई तो जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता का घेराव किया जाएगा। इस अवसर पर मान सिंह नेेगी, मनवर सिंह भंडारी, धनपाल सिंह, महावीर सिंह, राजवीर सिंह, मदन सिंह नेगी, मेहरबान सिंह, धर्मपाल सिंह, पवन सैनी, हरक सिंह नेगी, विवेक शर्मा, मोहन सिंह, प्रदीप सिंह आदि मौजूद थे।