कोटद्वार। ग्राम पंचायत सिताबपुर की सिद्धबली बैंक्वेट हॉल कालोनी के पानी की निकासी के रास्ते में अतिक्रमण किए जाने से क्षेत्रवासी भड़क उठे। उन्होंने प्रशासन पर शिकायत के बावजूद अतिक्रमण न हटाने का आरोप लगाते हुए तहसील पर प्रदर्शन किया।
सोमवार को समाजसेवी दिनेश रावत के नेतृत्व में सिताबपुर के ग्रामीण तहसील पहुंचे। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि वे कई बार एसडीएम से लेकर तहसीलदार को एक व्यक्ति द्वारा पानी निकासी के रास्ते पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन प्रशासन अतिक्रमण को नहीं हटा पा रहा है। बार-बार ग्रामीणों को आश्वासन देकर भेज दिया जाता है। प्रशासन की सुस्ती के चलते बरसात के पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। उन्होंने तहसीलदार से तत्काल रास्ते से अतिक्रमण हटाने की मांग की। विरोध प्रदर्शन में जनार्दन प्रसाद सती, रमेश चंद्र जुयाल, गुड्डी देवी रावत, यदुवीर सिंह रावत, आनंद सिंह रावत, हरस्वरूप बेदवाल, सरल किशोर नेेगी, डीके शर्मा, जाबिदा, अफरोज, नाजनीन, अनीसा, बीना देवी आदि मौजूद थे।