कोटद्वार। ग्राम पंचायत काशीरामपुर के भोलादत्त विहार के ग्रामीण पिछले डेढ़ महीने से मुआवजे के लिए तहसील के चक्कर काट रहे हैं। सोमवार को एक बार फिर तहसील पहुंची भोलादत्त विहार की महिलाओं अनीसा, रजिया, नसीमा ने बताया कि 10-11 अगस्त की रात को वज्रपात से मोहल्ले के करीब 15 लोगों के घरों में विद्युत उपकरण पंखे, फ्रिज, कूलर, टीवी आदि फुंक गए थे। बिजली विभाग को शिकायत किए जाने पर उन्होंने भी मौके का मुआयना कर नुकसान की पुष्टि तो की लेकिन मुआवजा देने को लेकर प्रशासन का मामला बताकर पल्ला झाड़ दिया। तब से वे कई बार एसडीएम और तहसीलदार से मुआवजे के लिए गुहार लगा चुके हैं, लेकिन उनके मुआवजे को लेकर किसी प्रकार की कार्रवाई शुरू नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की। उधर, एसडीएम राकेश तिवारी ने बताया कि मामले की जांच के लिए तहसीलदार को लिखा गया है। जांच रिपोर्ट आने पर मुआवजे की कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो