धुमाकोट। नैनीडांडा की बीडीसी बैठक में बिजली, पानी, सड़क और शिक्षा के मुद्दे छाए रहे। समस्याओं का समाधान नहीं होने और काशीपुर- बुआखाल हाईवे की बदहाली पर जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों के समक्ष नाराजगी जताई।
बृहस्पतिवार को ब्लॉक प्रमुख रश्मि पटवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनप्रतिनधियों ने शंकरपुर-नैनीडांडा मार्ग के साथ क्षेत्र की लंबित सड़कों का कार्य पूरा करने, मुजराबैंड-अपोलासेरा मार्ग में पुल निर्माण और मुआवजा राशि प्रदान करने की मांग की गई। क्षेत्र पंचायत सदस्य संजय गौड़ ने पटोटिया में बिजली के तार झूलने, बराथ व किनाथ गांव में भी बिजली के तार पेड़ों पर लगने से खतरा होने का मामला उठाया। इसके साथ ही उन्होंने अंत्योदय योजना में बजट न मिलने की शिकायत की।
प्रदीप गुसाईं ने क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय हाईस्कूलों में प्रवक्ता और एलटी के कई पद रिक्त होने से शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने पर नाराजगी प्रकट की। उन्होंने कहा कि भौतिक विज्ञान, रसायन, गणित व जीव विज्ञान जैसे विषयों के शिक्षक नहीं होने से बोर्ड
परीक्षा देने वाले परीक्षार्थी परीक्षा की तैयारी नहीं कर पा रहे हैं। यही नहीं, जूनियर और प्राथमिक विद्यालयों में भी शिक्षकों की कमी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय अदवाड़ी में नए विद्यालय भवन और प्राथमिक विद्यालय चिलाऊं में बिजली कनेक्शन की मांग उठाई। क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं पर चर्चा करते हुए ललित पटवाल ने सीएचसीए पीएचसी सहित सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों और स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग की। इस अवसर पर ज्येष्ठ उपप्रमुख विक्रम सिंह, कनिष्ठ प्रमुख महेंद्र सिंह, संजय गौड़, प्रदीप गुसाईं, विक्रम सिंह, महेंद्र सिंह, ललित पटवाल सहित जनप्रतिनिधि व विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।