कोटद्वार। कोटद्वार का बांस व रामबांस श्रेष्ठता एवं प्रचार-प्रसार केंद्र को ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के रूप में विकसित किया जाएगा। केंद्र में प्रशिक्षणार्थियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। मंगलवार को बांस प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने यह बात कही है।
बांस केंद्र के मास्टर ट्रेनर महावीर सिंह ने बताया कि मंगलवार को वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने बांस केंद्र पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में प्रशिक्षण ले रही महिलाओं और युवकों से उनकी समस्याएं जानीं और उन्हें पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया। वन मंत्री ने कहा कि गत वर्षों से केंद्र के विकास कार्य रुके हुए थे, लेकिन उनके निर्देश पर बांस प्रशिक्षण केंद्र को विकास के पंख लगे हैं। केंद्र के माध्यम से अब महिलाओं और युवकों को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने केंद्र में और 40 महिलाओं और युवकों को प्रशिक्षण देने की बात कही। साथ ही केंद्र में बनी बांस की डेमो हट (झोपड़ी) का जीर्णोद्धार करने को भी कहा है। इस दौरान वन मंत्री के पीआरओ सुरेंद्र गुसाईं, पूर्व पालिकाध्यक्ष रश्मि राणा व विशेष कार्याधिकारी विनोद रावत आदि मौजूद रहे।