दुगड्डा। श्रीगणेश महोत्सव के समापन दिवस पर समिति की ओर से नगर क्षेत्र में ढोल नगाड़ों के साथ धूमधाम से शोभायात्रा निकाली गई। गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आ.. उद्घोष के बीच अबीर गुलाल उड़ाते हुए श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश की मूर्ति को सिलगाड़ और लंगूरगाड़ के संगम पर विसर्जित किया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीगणेश से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
शनिवार को सुबह गणेश महोत्सव समिति की ओर से भगवान श्रीगणेश की मूर्ति की वैदिक मंत्रोचार के बीच पूजा अर्चना की गई। इसके बाद हनुमंती मंदिर से गणेश प्रतिमा के साथ श्रीगणेश की विसर्जन यात्रा शुरू की गई। विसर्जन यात्रा दुगड्डा के सुभाष बाजार, मोती बाजार, कमला नेहरू मार्ग, धनीराम बाजार से होते हुए सिलगाड़ और लंगूरगाड के संगम पर पहुंची। वहां गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
इस अवसर पर संरक्षक कमलेश अग्रवाल, अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह नेगी, महासचिव विपिन गर्ग, उपाध्यक्ष संजीव कपूर, कोषाध्यक्ष अनिल गोयल, भावना चौहान, बाबू लाल, दीपक नेगी, अनूप गुप्ता, सजल सिंह रावत सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद थे।
-फोटो