कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के अंतर्गत दुर्गापुर-मवाकोट मार्ग पर बृहस्पतिवार देर रात शनिदेव मंदिर के समीप एक बाइक के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार पूर्व सैनिक घायल हो गए। बाद में उनकी अस्पताल में मौत हो गई।
उप निरीक्षक सूरत शर्मा ने बताया कि ग्राम गोरखपुर निवासी पूर्णेंद्र सिंह नेगी (58) पुत्र आनंद सिंह नेगी की रात को तबीयत खराब होने लगी तो वह दवाई लेनेे के लिए बाइक से कोटद्वार बाजार आए। दवाई लेने के बाद देर रात जब वह घर लौट रहे थे तो दुर्गापुरी-मवाकोट मार्ग पर शनिदेव मंदिर के समीप रास्ते में अचानक गाय आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई और हेलमेट खुल गया। इससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आ गई। आसपास के लोगों ने उन्हें कोटद्वार बेस अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। उप निरीक्षक सूरत शर्मा ने बताया कि पूर्णेंद्र सिंह पूर्व सैनिक थे और सेवानिवृत्ति के बाद कुछ समय तक संविदा पर उत्तराखंड पुलिस में भी कार्य कर चुके हैं।