दुगड्डा। दुगड्डा ब्लॉक के कांडाखाल क्षेत्र के नड्डा गांव में बाराती और घरातियों में जमकर लात-घूंसे चले। मामला यहीं नहीं थमा, मौके से फरार हुए बारातियों को गांव के युवकों ने पीछा कर दुगड्डा में दबोच लिया और यहां भी दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को पकड़कर दुगड्डा चौकी ले आई, जहां काफी देर तक बारातियों ने हंगामा काटा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील लैंसडौन के अमलेसा गांव से सोमवार सुबह बारात कांडाखाल क्षेत्र के नड्डा गांव में दुल्हन के घर पहुंची। बारातियों के अभद्र व्यवहार का गांववालों ने विरोध किया, जिससे दोनों पक्षों में लात-घूसे चलने शुरू हो गए। इस दौरान कुछ उपद्रवी बाराती मौका देखकर वहां से भाग निकले। फरार बारातियों का पीछा करते हुए ग्रामीणों ने उन्हें दुगड्डा में दबोच लिया। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर पत्थरबाजी हुई और लाठी-डंडे भी चले। मारपीट की घटना में पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को पकड़कर चौकी ले आई। इसके साथ ही बड़ी संख्या में बाराती भी पुलिस चौकी पहुंच गए और हंगामा काटने लगे। पुलिस ने चौकी में हंगामा काट रहे लोगों की वीडियो बनानी शुरू की तो बाराती पक्ष ने इसका पुरजोर विरोध किया। इस दौरान एक महिला के अचानक बेहोश होने से बाराती उग्र हो गए। पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत करवाया।