कोटद्वार। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवियों में अनुशासन एवं एक साथ कार्य करने की भावना को विकसित करने के उद्देश्य से नगर में पथ संचलन किया गया।
पदमपुर सुखरौ स्थित गुरु राम राय पब्लिक स्कूल से पथ संचलन शुरू हुआ। झंडाचौक में पहुंचने पर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने स्वयंसेवियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का आयोजन बलूनी पब्लिक स्कूल मोटाढांक में संचालित आरएसएस के 20 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग के उपलक्ष्य में किया गया, जिसमें 273 शिक्षार्थी और 30 शिक्षक और अन्य कार्यकर्ता प्रतिभाग कर रहे हैं। इस मौके पर प्रांत प्रचारक युद्धवीर, वर्गाधिकारी राजेंद्र पंत, वर्ग कार्यवाह सुधीर, वर्ग पालक नीरज, व्यवस्थापक सोम नैथानी, राजगौरव नौटियाल, संजय सिंह, मणिराम, सुनील, संदीप, जितेंद्र आदि मौजूद रहे। पथ संचलन का नेतृत्व मुख्य शिक्षक सर्वेश्वर और विक्रम ने किया, जबकि शिक्षक के रूप में नरेंद्र, शरद, चिरंजीव, जसपाल, इंद्रमोहन, कमल, बद्रीश ने किया।