कोटद्वार। पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने जनसंवाद कार्यक्रम के तहत लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण करते हुए ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। रिखणीखाल ब्लाक मुख्यालय पहुंचने पर ग्रामीणों ने पूर्व काबीना मंत्री का स्वागत करते हुए उनके सामने क्षेत्र की समस्याओं को रखा।
सोमवार को पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र के रिखणीखाल, गाड्यूंपुल और तोल्यूंडाडा क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क सहित मूलभूत समस्याओं का समाधान न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार पर पर्वतीय क्षेत्र के लोगों के साथ भेदभाव बरतने का आरोप लगाया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा के डबल इंजन से पहाड़ों का विकास नहीं हो रहा है। कांग्रेस सरकार ने रिखणीखाल ब्लाक में आईटीआई, पालीटेक्निक, राजकीय महाविद्यालय, रिखणीखाल को उपतहसील का दर्जा, अस्पतालों की दशा सुधारने सहित विभिन्न मोटर मार्गों के लिए पर्याप्त मात्रा में धन स्वीकृत करवाते हुए विकास कार्य करवाए थे। वर्तमान में प्रदेश में सत्तासीन भाजपा सरकार पर्वतीय क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधा देने में नाकाम साबित हुई है। पर्वतीय क्षेत्रों में राशन की दुकानों में न तो केरोसिन तेल मिल रहा है और न ही चीनी ही उपलब्ध हो पा रही है। गांवों में गैस सिलेंडर नौ सौ रुपये का मिल रहा है।
इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख पिंकी नेगी, धीरजमणि, रामलाल भारती, मीना देवी, वचन सिंह, गबर सिंह, धीरेंद्र सिंह नेगी, अजय पाल सिंह, रेवत सिंह, केशर सिंह, सतेंद्र, सुरेंद्र सिंह व मनीराम सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।
-फोटो