कोटद्वार। राज्य सरकार की अजमेर पल्ला में स्वीकृत स्यालनी-जौरासी मोटर मार्ग को कौड़िया-किमसार मार्ग से जोड़ने की योजना है। पीएमजीएसवाई के तहत करीब 9.2 किमी स्वीकृत स्यालनी-जौरासी मार्ग पर अगले माह काम शुरू हो जाएगा। यह मार्ग जल्द बना तो अजमेर पल्ला और उदयपुर पल्ला के गांवों की लाइफ-लाइन साबित होगा।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत अजमेर पल्ला प्रथम के करीब नौ उपग्रामों और तोकों समेत क्षेत्र के सबसे बड़ी ग्राम पंचायत स्यालनी और जौरासी को यातायात सुविधा प्रदान करने के लिए 9.2 किमी सड़क स्वीकृत हुई है। स्यालनी और जौरासी के ग्रामीणों के प्रयास के बाद वर्ष 2009-10 में इस सड़क को मंजूरी मिली। अब इसके टेंडर भी आमंत्रित हो गए हैं। ग्रामीणों की मांग पर क्षेत्रीय विधायक ऋतु खंडूड़ी ने इस मार्ग को उदयपुर पल्ला के कौड़िया-किमसार मार्ग से जोड़ने की सहमति जताई है। इससे स्यालनी और जौरासी के ग्रामीणों के लिए कौड़िया-किमसार होते हुए हरिद्वार और ऋषिकेश आवाजाही करना आसान और कम खर्च वाला हो जाएगा।
जौरासी के प्रधान चंडीप्रसाद कुकरेती की अध्यक्षता में हुई ग्रामीणों की बैठक में इस मार्ग का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की मांग पीएमजीएसवाई और सरकार से की गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि स्वीकृत समरेखण के साथ छेड़छाड़ का प्रयास किया गया तो ग्रामीण सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
स्यालनी-जौरासी मार्ग स्वीकृत हो चुका है। टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। अगले माह के अंत तक मार्ग का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।
-सत्यवीर त्यागी, सहायक अभियंता पीएमजीएवाई सिंचाई खंड कोटद्वार