किशनपुर (कोटद्वार)। भाबर के झंडीचौड़ पूर्वी में लोक निर्माण विभाग की ओर से बरसाती नाले के किनारे बनाए जा रही सड़क सुरक्षा दीवार का काम ग्रामीणों ने रुकवा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क सुरक्षा दीवार का कार्य पूरी तरह से गुणवत्ता विहीन किया जा रहा है। जेई से निर्माण कार्य की जानकारी न देने पर ग्रामीणों में आक्रोष है।
ग्राम प्रधान कृष्ण चंद्र खंतवाल, रघुबीर सिंह नेगी, विपिन सिंह, सुरमान सिंह, मोहन लाल, बलवंत सिंह, भूपेंद्र सिंह, रोशन लाल, विद्या राम, दिनेश सिंह, लक्ष्मी देवी, रामेश्वरी देवी व मंजू देवी का कहना है कि झंडीचौड़ पूर्वी में बरसाती नाले के किनारे लोनिवि सड़क सुरक्षा दीवार का कार्य करवा रही है। निर्माण कार्य में पूरी तरह से गुणवत्ताविहीन कार्य कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा दीवार के नाम पर पत्थरों के ढेर की दीवार बनाई जा रही है और उसमें सीमेंट का बिलकुल भी इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है, जबकि पूर्व में बनाई गई सुरक्षा दीवार के कार्य में सीमेंट का प्रयोग कर सही कार्य किया जा रहा था।
वहीं लोनिवि के सहायक अभियंता सुदेश कुमार बिंजोला ने बताया कि सड़क सुरक्षा दीवार के कार्य में वाल के निचले और ऊपरी भाग का पक्का निर्माण किया जाता है, जबकि मध्य भाग ड्राई पैनल के रूप में बनाया जाता है। ड्राई पैनल से पानी के बहाव का प्रेशर रिलीज हो जाता है। झंडीचौड़ पूर्वी में राज्य आपदा निधि से एक लाख चालीस हजार की लागत से सड़क सुरक्षा दीवार बनाई जाएगी। निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्वक किया जाएगा।
-फोटो