कोटद्वार। कोटद्वार-भाबर के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में भारत स्वाभिमान न्यास और रोटरी क्लब की ओर से आपदा प्रभावितों को राहत सामग्री दी गई। भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी विजय नौटियाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लालपानी के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया और वास्तविक प्रभावितों, रतनपुर-कुंभीचौड़ पंचायतघर में शिविर में प्रभावितों और सनेह तल्ली कॉलोनी के 19 परिवारों को उनकी आवश्कतानुसार कपड़े, बर्तन, राशन, चीनी, चायपत्ती, छह क्विंटल आटा, चावल, एक क्विंटल आलू, 50 किलो दाल, 30 गद्दे, जूते-चप्पल अचार आदि का वितरण किया।
इस अवसर पर दिनेश जुयाल, विजय भाटिया, महेशानंद कंडवाल, जयप्रकाश रावत, अरुणा पुंडीर, बीना रावत, निर्मला तिवारी, मधु बिष्ट, शकुंतला रावत, विनीता खंडूरी, कमलेश बिष्ट, श्वेता चौधरी, आशा रावत, भगवती गुसाईं, उषा असवाल, उमा नेगी, हर्ष सिंह नगी, अंजू सिंह आदि मौजूद थे।
उधर, रोटरी क्लब की ओर से रोटेरियन राजेश त्रिपाठी के नेतृत्व में रतनपुर पंचायत भवन में रुके बाढ़ प्रभावितों को राशन, गैस बर्नर, बर्तन और रोजमर्रा का सामान दिया गया। मयंक कोठारी के नेतृत्व में भाबर क्षेत्र के लोक मणिपुर, झंडीचौड़ प्रेमनगर, नैवाड़ आदि क्षेत्रों में बाढ़ पीडितों को राशन, स्कूल बैग, कंबल, तिरपाल आदि दिए गए। इसके अलावा रोटरी क्लब धामपुर, मुरादाबाद, मेरठ, बुलंदशहर, बिजनौर, सिकंदराबाद आदि के सदस्यों ने भी अपना सहयोग दिया।