कोटद्वार (ब्यूरो)। छात्र संगठन एनएसयूआई से जुड़े छात्रों ने शुक्रवार को पीजी कालेज कोटद्वार में फीस बढ़ोत्तरी को लेकर जमकर हंगामा किया। उन्होंने फीस बढ़ाने के विरोध में प्राचार्य का घेराव किया। कहा कि जब तक बढ़ाई गई फीस वापस नहीं ली जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
शुक्रवार को एनएसयूआई के छात्र नेता सूरज प्रसाद कांति, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विजय रावत और अतुल डोबरियाल की अगुवाई में छात्रों ने गत वर्ष की तुुलना में फीस में भारी बढ़ोत्तरी का जमकर विरोध किया। कहा कि इस साल छात्र-छात्राओं पर गत वर्ष की तुुलना में सात से आठ सौ रुपये का भार बढ़ाया गया है। कहा कि जब तक बढ़ाई गई फीस वापस नहीं ली जाती, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। इस दौरान बॉबी बिष्ट, शुभम डबराल, सौरव पांडेय, ऋतिक नेगी, अकुल शाम और छात्र संघ उपाध्यक्ष अमन सिंह रावत मौजूद थे।