कोटद्वार। शहर में एक वृद्ध पूर्व सैनिक का एटीएम बदलकर साइबर ठगों ने खाते से 60 हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़ित पक्ष जब कोतवाली में मामले की तहरीर लेकर गया तो पुलिस ने उसे नसीहत देते हुए बैरंग लौटा दिया।
सिम्मलचौड़ निवासी वृद्ध पूर्व सैनिक हीरामणि का एसबीआई पदमपुर सुखरौ की ब्रांच में खाता है। इस खाते से उन्होंने एटीएम लिया हुआ है। तबीयत खराब होने के कारण उन्होंने बृहस्पतिवार शाम को छह बजे अपने पोते प्रियांशु को एटीएम से पैसे निकाल लाने के लिए कहा। उनका पोता प्रियांशु पैसा निकालने के लिए नजीबाबाद रोड स्थित केनरा बैंक के एटीएम में पहुंचा। यहां दो युवक एटीएम के अंदर आए और उन्होंने प्रियांशु से बातों ही बातों में एटीएम का पिन कोड जानने के बाद बड़ी चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल दिया और मिलता जुलता दूसरा एटीएम कार्ड थमा दिया। एटीएम से पैसा नहीं निकलने पर प्रियांशु देवीरोड स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा के एटीएम में पहुंचा। यहां एटीएम में कार्ड का प्रयोग करते वक्त एटीएम मशीन ने पासवर्ड को गलत बताया। संदेह होने पर जब उसने एटीएम कार्ड की जांच की तो उसे पता चला कि उसका एटीएम कार्ड बदला जा चुका है।
इसी दौरान साइबर ठग ने उसके दादा के खाते से 20 हजार रुपये निकाल लिए और 40 हजार की धनराशि खाते में ट्रांसफर कर लिए। किशोर ने तत्काल ही अपने दादा का एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया और इसकी लिखित सूचना देने थाने पहुंचा, लेकिन पुलिस ने उनकी गलती बताकर उसे बैरंग लौटा दिया। शैल शिल्पी विकास संगठन के महासचिव विकास आर्य ने कहा कि कोतवाली पुलिस ने मामले को बैंक का बताते हुए तहरीर लेने से मना कर दिया। प्रभारी कोतवाल प्रदीप नेगी ने कहा कि पीड़ित को बैंक से संपर्क करने के लिए कहा गया है।