रविवार को शहर व आसपास के क्षेत्रों में छह घंटे विद्युत आपूर्ति ठप रही। ऊर्जा निगम के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद शाम साढे़ चार बजे सप्लाई बहाल की।
रविवार सुबह करीब 10 बजे ऋषिकेश शिवपुरी 132 लाइन से जुड़े श्रीनगर फीडर में कुछ फाल्ट आने से शहर व आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई थी। ऊर्जा निगम के कर्मचारियों ने शहर की आपूर्ति ऋषिकेश लाइन से हटाकर पौड़ी लाइन से जोड़ दी। लोड होने पर यह व्यवस्था जवाब दे गई। इससे श्रीनगर के साथ ही पौड़ी की विद्युत आपूर्ति भी ठप हो गई। शाम साढे़ चार बजे किसी तरह शहर की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई। एसडीओ मनोज अग्रवाल ने बताया कि पौड़ी की आपूर्ति भी जल्द ही बहाल कर दी जाएगी।