नगरपालिका बोर्ड बैठक में पालिकाध्यक्ष रश्मि राणा के साथ बजट पर चर्चा करते सभासद।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
नगरपालिका की बोर्ड बैठक में बृहस्पतिवार को वर्ष 2016-17 का अनुमानित छह करोड़ अस्सी लाख का बजट सदस्यों ने ध्वनिमत से पास कर दिया। कुल अनुमानित बजट के व्यय के रूप में पांच करोड़ बयानवे लाख पांच सौ रुपये खर्च किए जाएंगे।
पालिका अध्यक्ष रश्मि राणा की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को हुई बैठक बजट की प्रति न पहुंचने के कारण करीब पौन घंटा देर से शुरू हुई। प्रभारी लेखाकार पंकज रावत ने 2016-17 के अनुमानित बजट का ब्यौरा सदन में रखा। गृहकर से चालू वित्तीय वर्ष में पच्चीस लाख रुपये की अनुुमानित आय आंकी गई है। विज्ञापन शुल्क के लिए इस वर्ष पांच लाख रुपये की धनराशि अनुमानित आय रखी गई है। तहबाजारी के लिए इस वर्ष नौ लाख पचास हजार पांच सौ रुपये की आय अनुमानित की गई है।
इस वर्ष तीन करोड़ की राशि की मांग
राज्य वित्त आयोग से इस बार पालिका तीन करोड़ की धनराशि की मांग करेगी। तेेरहवें वित्त आयोग से पिछले वित्तीय वर्ष के बत्तीस लाख अस्सी हजार रुपये के मुकाबले चालू वित्तीय वर्ष के लिए अस्सी लाख रुपये की धनराशि की मांग की जाएगी। यूजर्स चार्जेज को पिछले वर्ष के एक लाख के मुकाबले इस बार तीन लाख करने का निर्णय लिया गया है। सभी प्रस्तावों को सदस्यों ने ध्वनिमत से पारित कर दिया। सफाई निरीक्षक सुुनील कुुमार ने स्वच्छ सुलभ फाउंडेशन की ओर से शहर के शौचालयों को निशुल्क स्वच्छ रखने का प्रस्ताव सदस्यों के सामने रखा। सभासद विवेक अग्रवाल और विनय भाटिया का कहना था कि संस्था पहले निशुल्क स्वच्छता का प्रस्ताव देती है, लेकिन बाद में इस्तेमाल करने वालों से मनमाने शुल्क वसूले जाते हैं। यदि संस्था इस बात की गारंटी दे कि वह शुल्क नहीं वसूलेगी, तो कार्य दिए जाने में कोई आपत्ति नहीं है। पालिका अध्यक्ष ने सुझाव दिया कि एक बार संस्था को बुलाकर वार्ता की जा सकती है। इस पर सदस्यों ने अपनी सहमति प्रदान की।
बैठक में सभासद माया ध्यानी, रंजना रावत, लता शाह, रेशमा परवीन, ज्योति चौधरी, महेश भाटिया, प्रमोद भाटिया सांसद प्रतिनिधि मीनू खान और स्वास्थ्य लिपिक रोशन सिंह नेगी आदि मौजूद थे।