कोटद्वार। गोविंदनगर निवासी एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला ने जहर खाकर जान दी है। इससे पूर्व भी वह खुदकुशी का प्रयास कर चुकी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि गोविंदनगर निवासी चांदनी (25) पत्नी नासिर हसन को परिजनों ने रविवार देर शाम गंभीर हालत में यहां बेस अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसने देर रात 11 बजे उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि चांदनी को जहर खाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एसआई रचना रानी ने मृतका के ससुराल और मायके पक्ष से हुई पूछताछ का हवाला देते हुए बताया कि मृतका चांदनी गत पांच-छह सालों से बीमार चल रही थी और बिजनौर से उसका उपचार चल रहा था। चांदनी पूर्व में भी आत्महत्या का प्रयास कर चुकी है। उपनिरीक्षक रचना ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।