कोटद्वार। उत्तराखंड परिवहन निगम के कोटद्वार डिपो से संबद्ध एक परिचालक द्वारा राज्य आंदोलनकारी के परिचय पत्र को फर्जी बताते हुए उन्हें बस से नीचे उतार दिया गया। राज्य आंदोलनकारी की ओर से संबंधित परिचालक की शिकायत चिह्नित राज्य आंदोलनकारी समिति, मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री और स्थानीय डिपो के सहायक महाप्रबंधक से की है।
चिह्नित राज्य आंदोलनकारी समिति के केंद्रीय अध्यक्ष जेपी पांडे ने इस मामले केे गंभीर बताते हुए आरोपी परिचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि कोटद्वार निवासी राज्य आंदोलनकारी राकेश लखेड़ा 27 अक्तूबर की सुबह उत्तराखंड परिवहन निगम की कोटद्वार डिपो की बस में दुगड्डा जाने के लिए बैठे थे। उन्होंने जब टिकट लेने के लिए अपना राज्य आंदोलनकारी वाला परिचय पत्र बस परिचालक को दिखाया तो उसने उनकी आईडी को फर्जी बताते हुए फेंक दिया। उसने राज्य आंदोलनकारी से अभ्रदता करते हुए उन्हें बस से भी उतार दिया। राज्य आंदोलनकारी राकेश लखेड़ा की ओर से स्थानीय थाने में भी शिकायत दी गई है। समिति ने परिचालक के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है। सहायक महाप्रबंधक टीकाराम आदित्य ने कहा कि वह अभी बाहर हैं, मामले की जांचकर कार्रवाई की जाएगी।