कोटद्वार। जलसंस्थान की लापरवाही के चलते नगर निगम क्षेत्र के शिवपुर और मानपुर के सैकड़ों लोग पानी के लिए भटक रहे हैं। गत पांच दिनों से शिवपुर स्थित ट्यूबवेल फुंका हुआ है। लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने का जिम्मेदार जलसंस्थान न तो समय पर ट्यूबवेल की मरम्मत कर रहा है और न ही पानी की पर्याप्त व्यवस्था कर रहा है। इसके कारण लोगों को भारी पेयजल किल्लत से जूझना पड़ रहा है। शिवपुर में स्थापित ट्यूबवेल से शिवपुर और मानपुर को पेयजल की आपूर्ति की जाती है। गत रविवार को शिवपुर में स्थापित ट्यूबवेल की मोटर फुंक गई थी। इसके कारण सैकड़ों घरों में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। एक दो दिन तो लोग टंकियों में जमा पानी का उपयोग करते रहे, लेकिन उसके बाद पेयजल आपूर्ति नहीं किए जाने पर लोग पेयजल किल्लत से परेशान हो गए।
स्थानीय निवासी गोपाल काला, मुकेश बड़थ्वाल, सरोजनी देवी, राजेश्वरी देवी, कृपाशंकर द्विवेदी, राकेश भट्ट ने जलसंस्थान पर लापरवाहीपूूर्ण कार्य करने का आरोप लगाया। कहा कि पिछले पांच दिन से लोग पानी के लिए परेशान हैं। शिकायत के बाद विभाग द्वारा पूरे क्षेत्र के लिए एकमात्र पानी के टैंकर की व्यवस्था की गई है, जिसके कारण लोगों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल नहीं मिल रहा है। लोग घराट के ट्यूबवेल से पानी ढोने को मजबूर हैैं।
उधर, जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता एससी रमोला ने बताया कि ट्यूबवेल मरम्मत का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। शीघ्र पेयजल आपूर्ति सुचारु की जाएगी।
-फोटो