कोटद्वार। नैनीडांडा विकास समिति की बैठक में क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की गई। इसमें वक्ताओं ने क्षेत्र की बदहाल सड़कों और पेयजल व्यवस्था को लेकर विभागों की लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने सरकार से बरसात में क्षतिग्रस्त धुमाकोट-लिस्टियाखोत-गौलीखाल और शंकरपुर-नैनीडांडा, धुमाकोट-खाल्यूडांडा मोटर मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।
रविवार को कोटद्वार नगर पालिका सभागार में आयोजित बैठक में समिति के अध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने कहा कि भारी बारिश के चलते धुमाकोट-लिस्टियाखोत-गौलीखाल और शंकरपुर-नैनीडांडा, धुमाकोट, खाल्यूडांडा मोटर मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इन मार्गों पर वाहनों से आवाजाही करने वाले यात्री जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे हैं। इसके अलावा अधूरे पड़े हल्दूखाल, कमंदा, शंकरपुर-बमरोड़ी, दिगोलीखाल-असौ, मैंदोली-कीमूरोला, बराडयूबैंड-पाडियूंगांव, द्वारी-भौन मोटर मार्गों का निर्माण कार्य पूर्ण कर यातायात सुलभ किया जाए। रावत ने सरकार से नैनीडांडा पंपिंग पेयजल योजना, धुमाकोट-नौड़ियाखेत पेयजल योजना से छिटोली वल्ली, छिटोली पल्ली गांवों को जोड़ने समेत बरसात में क्षतिग्रस्त सभी पेयजल योजनाओं की मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है। कहा कि देहरादून से धुमाकोट तक संचालित उत्तराखंड परिवहन निगम की बस का सेवा विस्तार बमेड़ीसैण और कोटद्वार से धुमाकोट तक संचालित बस का सेवा विस्तार रसिया महादेव तक किया जाए। इस मौके पर देवेंद्र सिंह, पूरन सिंह रावत, भगवत सिंह रावत, दिनेश बिष्ट, जेएस गुसाईं, मोहन लाल बिंजोला, गोविंद सिंह बिष्ट, विनोद मधवाल, धीरेंद्र नेगी, लक्ष्मण सिंह रावत, धीरेंद्र सिंह रावत व त्रिलोचन सुंद्रियाल आदि मौजूद थे।