कोटद्वार। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार के छात्र संघ चुनाव के लिए अधिसूचना जारी हो गई है। महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव 1 सितंबर को होंगे। चुनाव की तैयारियों को लेकर महाविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी छात्र संघ चुनाव डा. डीएम शर्मा ने बताया कि 26 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे से नामांकन दाखिल किया जाएगा। 28 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच और प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। 29 अगस्त को दोपहर 12 बजे तक प्रत्याशी नामांकन वापसी ले सकेंगे। इसी दिन शाम 4 बजे प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। 30 अगस्त को दोपहर बाद प्राचार्य, स्थानीय प्रशासन और प्रत्याशियों की बैठक महाविद्यालय में की जाएगी। 31 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे मतदान को लेकर महाविद्यालय स्टाफ की बैठक होगी। इसके बाद मतदान की व्यवस्थाएं की जाएंगी। 1 सितंबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक मतदान होगा। शाम 3 बजे मतगणना प्रारंभ होगी और इसी दिन देर शाम को विजयी प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। मंगलवार को महाविद्यालय के प्राचार्य डा. एमएस रौतेला के निर्देश पर महाविद्यालय के प्रवक्ताओं ने मुख्य गेट से आने वाले छात्र-छात्राओं के परिचय पत्रों की जांच की और बाहरी छात्रों को गेट से बाहर का रास्ता दिखा दिया।