हाईकोर्ट के आदेश पर नगर निगम प्रशासन ने नगर में हाईवे को अतिक्रमणमुक्त करने के लिए बुधवार को नगर निगम कार्यालय से आई हॉस्पिटल के बीच चिह्निकरण करते हुए भवनों पर लाल निशान लगाए। नगर निगम की ओर से चिह्निकरण का कार्य राजस्व और एनएच के नक्शे के आधार पर किया जा रहा है। दुकानों के बाहर बनी नालियों से शुरू हुई पैमाइश में आठ से ग्यारह फीट तक अतिक्रमण पाते हुए भवनों पर लाल निशान लगाए गए।
नगर निगम के जेई भगवती चरण कबटियाल ने बताया कि बुधवार को नगर निगम कार्यालय से आई हास्पिटल तक सड़क के दोनों और करीब 50 भवन अतिक्रमण कर बनाए गए हैं। इन्हें चिह्नित किया गया है। कहा कि फुटपाथ और बरामदों को भूतल से लेकर ऊपरी मंजिल तक खाली कराया जाएगा, ताकि सड़क पूरी तरह से चौड़ी हो सके। कहा कि व्यापारियों को अतिक्रमण हटाने के लिए पूर्व में ही नोटिस जारी किए गए थे। निर्धारित तिथि के बाद अतिक्रमण न हटाने पर नगर निगम स्वयं जेसीबी चलाकर 137 अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगी। इस मौके पर नगर निगम के एई रवींद्र पंवार, जेई भगवती चरण कबटियाल, अखिलेश खंडूड़ी, नजूल लिपिक नवीन सजवाण, असलम और नदीम आदि शामिल रहे।