लैंसडौन में सेना भर्ती की परीक्षा देने के बाद अपने घरों को लौटते युवा।
- फोटो : KOTDWAR
सेना की जनरल ड्यूटी (जीडी) पद के लिए आयोजित लिखित परीक्षा में 4392 युवक शामिल हुए। रविवार को भर्ती के लिए परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों के आने से नगर में युवाओं की भीड़ लग गई। जबकि मैक्स दुर्घटना में घायल आठ अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा में बैठने के लिए विशेष व्यवस्था कराई गई। परीक्षा देने के बाद युवाओं के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से वाहनों की व्यवस्था कराई गई थी, जिससे युवकों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ा। उन्हें आसानी से वाहन मिलते रहे।
भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल विनीत वाजपेयी ने बताया कि भर्ती कार्यालय की ओर से आयोजित जीडी की लिखित परीक्षा में 3704 अभ्यर्थी जबकि गढ़वाल राईफल्स की रिलेशन श्रेणी की जीडी पद की लिखित परीक्षा में 688 अभ्यर्थी शामिल हुए। बताया कि दुर्घटना में घायल हुए आठ अभ्यर्थियों ने परीक्षा में शामिल होने की प्रबल इच्छा जताई थी। चिकित्सकों की सलाह पर इन आठों अभ्यर्थियों के लिए विशेष व्यवस्था कर उन्हें परीक्षा में शामिल किया गया। युवाओं को वाहन के लिए परेशान न होना पडे़े, इसके लिए पुलिस की ओर से युवाओं को कोटद्वार या गुमखाल तक ले जाने के लिए वाहनों की व्यवस्था कराई गई। भीड़ के कारण आमजनों को होने वाली दिक्कतों को देखते हुए पुलिस ने पर्यटक वाहनों के लिए स्टेट बैंक से होकर ग्रीन फील्ड तक के लिए रूट डायवर्ट कर दिया था, जिससे भर्ती के लिए पहुंचे युवाओं के वाहन आसानी से अपने गंतव्य को सही समय से निकल गए। कोतवाल संतोष कुुंवर और एसएसआई रियाज अहमद पुलिस टीम के साथ वाहनों तक युवकों को ले जाने का काम करते रहे।