कोटद्वार। महिला से पर्स छीनने के मामले में पुलिस ने पकड़े गए दो बदमाशों पर गैंगस्टर लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस ने बदमाश आमिर खान और रेहान के खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए गैंग चार्ट तैयार कर संस्तुति के लिए उच्चाधिकारियों को भेजा है।
गत 26 जनवरी को नजीबाबाद रोड पर महिला से पर्स छीनने के मामले में रमेशनगर निवासी पीड़ित शिक्षिका रेखा कंडारी पत्नी मनोज कंडारी की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने एक फरवरी को मामले का खुलासा किया। मामले में घटना को अंजाम देने वाले तीनों बदमाशों प्रतीक गर्ग उर्फ गोलू उर्फ फुग्गा पुत्र रमेश गर्ग पटेल मार्ग कोटद्वार, आमिर खान पुत्र मुस्तकीम निवासी गनमैन फार्म हल्लोवाली थाना नगीना जिला बिजनौर यूपी, रेहान पुत्र अहमद हसन निवासी काशीरामपुर मल्ला कौड़िया को गिरफ्तार कर लिया था। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि आमिर के खिलाफ एनडीपीएस, चोरी, आर्म्स एक्ट समेत पूर्व में 10 मुकदमे और रेहान के खिलाफ पांच मुकदमे पूर्व में दर्ज हैं। उनके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए उनके खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई करते हुए गैंग चार्ट तैयार कर संस्तुति के लिए उच्चाधिकारियों को भेजा जा रहा है। कहा कि उच्चाधिकारियों की संस्तुति मिलने के बाद दोनों बदमाशों के खिलाफ गैगस्टर अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।